उरई। एक महीने पहले घर से लापता हुई किशोरी के चिकित्सीय परीक्षण को लेकर गुरुवार को महिला अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा हुआ। किशोरी को मेडिकल के लिए ले जा रही डकोर थाना पुलिस को परिजनों ने घेर लिया और आरोपी युवक की मदद करने का आरोप लगाया।
डकोर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी करीब एक माह पहले पड़ोस में रहने वाले दूसरी जाति के युवक के साथ चली गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसे अलग-अलग स्थानों पर रखा। मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया।
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए महिला अस्पताल लेकर पहुंची। इसी दौरान वहां पहुंचे परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि पुलिस आरोपी पक्ष का साथ दे रही है और उन्हें किशोरी से मिलने तक नहीं दिया जा रहा। परिजन किशोरी को अपने साथ ले जाने की मांग करने लगे, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समझाकर किसी तरह मामला शांत कराया और किशोरी को अस्पताल के अंदर ले गए। हालांकि वहां किशोरी ने चिकित्सीय परीक्षण कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस उसे वापस अपने साथ ले गई।
सीओ राजीव कुमार शर्मा का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।