मृतका मनीषा की पति जितेंद्र के साथ फोटो
- फोटो : ORAI
उरई। शहर कोतवाली के मोहल्ला बघौरा में महिला की हुई मौत के मामले में मायके से पहुंचे परिजनों ने सुबह अस्पताल में हंगामा किया और फिर शव कोतवाली के सामने रखकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक हुई और जाम लग गया। फिर मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ व कोतवाल ने परिजनों को समझा बुझाकर मामला शांत कराकर पति समेत पांच ससुरालियों पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल शिवगोपाल वर्मा का कहना कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बता दें कि शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बघौरा निवासी जीतेंद्र की 24 वर्षीय पत्नी मनीषा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। ससुरालीजन फांसी लगाकर आत्महत्या की बात कह रहे थे। जबकि सूचना पर धर्मपुरा, माधौगढ़ से पहुंचे मायके पक्ष ने मनीषा के शरीर पर चोटों के निशान देखकर हत्या किए जाने का आरोप ससुरालियों पर लगाया था। इसी मामले पर मायके से पहुंचे लगभग तीन दर्जन से अधिक महिला पुरुषों ने गुरुवार सुबह जिला अस्पताल परिसर में हंगामा किया। इसके बाद शव लेकर कोतवाली गेट पर पहुंच गए और ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।
जिससे वहां अफरा तफरी मच गई और सड़क पर जाम लग गया। जाम लगाने पर आक्रोशित परिजनों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इसी बीच हंगामा कर रहे लोगों को पुलिस ने कई बार खदेड़ा भी। सूचना पाकर पहुंचे एसडीएम सत्येंद्र कुमार, सीओ संतोष कुमार ने मृतका के मायके वालों को समझाकर शांत कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिर पुलिस ने पिता शिवकुमार की तहरीर पर पति जितेंद्र, ससुर वृंदावन, सास मुन्नीबाई, देवर अनुज व मनोज के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं मनीषा के पिता शिवकुमार ने बताया कि तीन वर्ष पहले उसने अपनी पुत्री मनीषा की शादी बघौरा बाईपास निवासी जितेंद्र के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग कर आए दिन बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। इसी को लेकर उन्होंने बेटी की हत्या कर शव को अस्पताल में छोड़कर भाग गए। जितेंद्र गुपलापुर माधौगढ़ में प्राइमरी स्कूल में शिक्षक है। मृतका के एक दो साल का बेटा आरब भी है।
कोतवाली के बाहर कोतवाल से नोकझोंक करती महिलाएं- फोटो : ORAI