उरई। यूपी बोर्ड परीक्षाओं को सकुशल संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्रों पर भिजवाए गए। विभाग द्वारा पूर्व निर्धारित रूट के अनुसार कुल दस वाहनों से प्रश्नपत्रों का वितरण किया गया।
निर्धारित योजना के तहत माधौगढ़ के लिए दो, जालौन के लिए दो, कोंच के लिए एक, कालपी के लिए दो, राठ रोड के लिए एक, एट (झांसी रोड) के लिए एक व उरई के लिए एक वाहन रवाना किया गया। प्रत्येक वाहन के साथ दो सशस्त्र जवान तैनात रहे, ताकि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा में कोई चूक न हो। बता दें कि 18 फरवरी से जिले के 72 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाएं आयोजित होनी हैं। इसके मद्देनजर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पहले चरण में उत्तर पुस्तिकाएं केंद्रों पर भेजी गई थीं, जबकि शुक्रवार को प्रश्नपत्रों का वितरण किया गया।
प्रश्नपत्रों को जीआईसी परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम एवं स्ट्रांग रूम से कड़ी निगरानी के बीच रवाना किया गया। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईओएस राजकुमार पंडित ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। साथ ही कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
सेक्टर मजिस्ट्रेट ने किया निरीक्षण
उरई। मदरसा शिक्षा परिषद लखनऊ द्वारा संचालित सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा वर्ष 2026 में जनपद में निर्धारित परीक्षा केंद्र का सेक्टर मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण किया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम पाली में पंजीकृत छात्र-छात्राओं की संख्या 73 है। जिसमें 52 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 21 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षाएं शांतिपूर्ण व नकलविहीन चल रही है। (संवाद)