उरई। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में मास्टर ट्रेनर की बैठक कलक्ट्रेट के सभागार में हुई। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी माहौल में संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय जरूरी है। इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया की पूरी जानकारी होनी चाहिए। लोकसभा चुनाव को संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद यह मास्टर ट्रेनर बाकी चुनाव कार्मिकों को चुनाव संपन्न कराने की प्रक्रिया समझाएंगे साथ ही ईवीएम मशीन से मतदान कराने के साथ मतदान कराने वाले कार्मिकों को भी प्रशिक्षण देंगे। इससे पहले मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कई चरणों में होगा। पहला सामान्य, दूसरा ईवीएम एवं तीसरा कॉमन। साथ ही प्रत्येक कमरे में कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति कराए जाने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर पानी, बिजली, रैंप व वाहनों की उपलब्धता, शौचालय की नियमित साफ-सफाई, व्हीलचेयर आदि मूलभूत सुविधाए समय से पहले ही पूरे करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मास्टर ट्रेनरों से कहा कि प्रशिक्षण स्थल पर प्रत्येक कमरे में पांच पांच ईवीएम मशीन लगाई जाएं। ट्रेनिंग के दौरान प्रेजेंटेशन को तीन चरणों में बांटा जाए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अजीत कुमार जायसवाल, अतिरिक्त एसडीएम केके सिंह, ज्योति, आरती साहू आदि मौजूद रहे।
तहसील और मंडी में मॉडल बूथ बनाने के निर्देश
उरई। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने लोकसभा चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने को लेकर तहसील परिसर एवं मंडी परिसर स्थित बूथों का निरीक्षण कर मॉडल बूथ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों पर दिव्यांग मतदाता, महिला, वृद्ध मतदाताओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव प्रक्रिया को आसान किए जाने के लिए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण कर लिया जाए। तहसील परिसर एवं मंडी परिसर स्थित बूथों को मॉडल बूथ बनाया जाएगा। (संवाद)