मूसलाधार बारिश के चलते जालौन जिले में निर्माण कार्यों की पोल खुल गई है। उरई के मलंगा नाले पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे निर्माणाधीन पुल का एक बड़ा हिस्सा तेज बहाव में ढह गया। शुक्रवार को लगातार हुई तेज बारिश के कारण नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया और पानी का तेज वेग पुल के नए हिस्से को अपने साथ बहा ले गया। इस हादसे के बाद से रगौली समेत आसपास के कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क कट गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
पुराने पुल को तोड़कर चल रहा था निर्माण
ग्रामीणों के अनुसार, मलंगा नाले पर पुराने और जर्जर हो चुके पुल की जगह लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से एक नए और मजबूत पुल का निर्माण कराया जा रहा था। इसके लिए पुराने पुल को पूरी तरह से तोड़ दिया गया था और नया ढांचा तैयार किया जा रहा था। लेकिन पहली ही भारी बारिश में निर्माण की पोल खुल गई और नाले का जलस्तर बढ़ते ही निर्माणाधीन पुल का हिस्सा भरभराकर गिर गया।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, गुणवत्ता पर उठाए सवाल
पुल के अचानक ढह जाने से आसपास के ग्रामीण बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। अब उन्हें आवागमन के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई किलोमीटर का चक्कर काटकर वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं और प्रशासन से इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
पीडब्ल्यूडी इंजीनियर ने कही जांच की बात
मामले की जानकारी मिलने पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अत्यधिक तेज बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का बहाव बहुत तेज हो गया था, जिसके दबाव के चलते निर्माणाधीन पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।