कदौरा। क्षेत्र के कदौरा-राठ मार्ग पर मौरंग लादकर आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने पहले बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी, फिर भागने के प्रयास में चालक ने बोलेरो में टक्कर मारी और इसके बाद खाली ट्रक से टकराकर सड़क के किनारे खंदक में जाकर पलट गया। इस दौरान एएनएम सहित कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को ग्रामीणों ने सीएचसी में भर्ती कराया। जहां एएनएम की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं ट्रक चालक व हेल्पर मौके से भाग निकला।
मंगलवार दोपहर 12 बजे करीब कानाखेड़ा व पथरेहटा के समीप स्थित सैय्यद बाबा की मजार के पास मौरंग लादकर आ रहे चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार पथरेहटा गांव में तैनात एएनएम सुनीता (25) व उसका पति मंगल राजपूत (30) निवासी उमरिया थाना राठ जिला हमीरपुर सड़क किनारे गड्ढे में बाइक सहित गिर कर घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक ने भागने के चक्कर में सड़क किनारे खड़ी बोलेरो में भी टक्कर मार दी। जिससे बेलेरो सवार कुलदीप (30) निवासी तिरही, कालपी व भूरा (25) निवासी रसूलपुर, कदौरा घायल हो गए, जबकि बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं ट्रक चालक द्वारा लगातार बाइक व बोलेरो में टक्कर मारने के बाद कुछ ग्रामीणों ने उसका पीछा किया तो वह कानाखेड़ा के समीप खाली ट्रक में सामने से टक्कर मार दी। जिससे वह अनियंत्रित होकर थोड़ी दूर पर जाकर पलट गया। टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक व परिचालक मौके से भाग गए। जबकि क्षतिग्रस्त ट्रक के चालक संतोष (45) व परिचालक विमल (20) निवासी अकबरपुर कानपुर घायल हो गए।
ग्रामीणों ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया जहां पर सुनीता की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वही अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। बताया जाता है कि ट्रक चालक शराब के नशे में था और मौरंग भर कर जा रहा था, जबकि एएनएम सुनीता विभागीय बैठक में शामिल होने सीएचसी जा रही थी। एसओ जितेद्र कुमार का कहना है कि चालक परिचालक की तलाश की जा रही है।