कोंच। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली खंदक में पलट गई। जिससे चालक की ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने जब हादसा होते देखा तो दौड़कर चालक को निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चालक ट्रैक्टर में सरिया लादकर नदीगांव जा रहा था।
नदीगांव कस्बा निवासी वीरेंद्र सेंगर (45) पिछले कई वर्षों से भाड़े पर ट्रैक्टर चलाता था। गुरुवार सुबह वह नदीगांव से ट्रैक्टर लेकर कोंच आया और सरिया लादकर नदीगांव जा रहा था। करीब साढ़े आठ बजे भदेवरा के पास तेज रफ्तार होने पर सरिया जंपिंग करने लगी, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खंदक में पलट गया और ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र ट्राली के नीचे दब गया।
ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रैक्टर चालक को नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर कोतवाल अरुण कुमार राय, एसएसआई अभिलाष मिश्रा, खेड़ा चौकी इंचार्ज संतराम कुशवाहा मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम भिजवाया।