विश्व मधुमेह दिवस पर शनिवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से करमेर रोड
स्थित क्लीनिक पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें तेजी से मधुमेह रोगियों
के बढ़ने पर चिंता जताई गई। निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में संगठन की
ओर से मुफ्त जांच शिविर लगाए जाएंगे।
बैठक में संगठन के सचिव डॉ.
संजीव गुप्ता ने कहा कि आज तेजी से मधुमेह के रोगी बढ़ रहे हैं। यह चिंता
का विषय है। असंतुलित खानपान व बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की वजह से
ऐसा हो रहा है। इस विषय पर सभी को गंभीरता से चिंतन करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि खानपान पर नियंत्रण और मिलावटी खाद्य पदार्थों से दूरी
बनाकर मधुमेह
से बचा जा सकता है। बताया कि समय-समय पर लोगों को डायबिटीज
चेक भी कराते रहना चाहिए। यह ऐसी बीमारी है जो शुरुआत में समझ नहीं आती।
इसलिए समय-समय पर जांच जरूरी है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगामी
दिनों में संगठन जिले के ऐसे क्षेत्रों में मुफ्त जांच शिविर लगाएगा जहां
पर अभी तक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है।
ऐसे क्षेत्रों के लोगों
की जांच कर उन्हें जानकारियां दी जाएंगी। जांच शिविर लगाए जाने के संबंध
में रणनीति पर चर्चा भी की गई। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. आरके शर्मा ने स्ट्रोक,
न्यूरोपेथी व अन्य काम्पलीकेशन पर अपने विचार रखे। इस दौरान डॉ. पीसी
पुरोहित, पवन कुमार आदि चिकित्सक मौजूद रहे।