फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: यूडीए बसाएगा नई टाउनशिप बड़ागांव-बडेरा शहर में शामिल

विज्ञापन
विज्ञापन
उरई। उरई विकास प्राधिकरण शहर के विस्तार और सुनियोजित विकास के लिए नई टाउनशिप बसाने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में बडेरा और बड़ागांव को शामिल किया गया है। परियोजना का उद्देश्य न केवल शहर के विस्तार को सुनिश्चित करना है, बल्कि रोजगार और आवासीय सुविधा के नए अवसर भी प्रदान करना है।
विज्ञापन

विकास प्राधिकरण के सचिव परमानंद यादव ने बताया कि प्रस्तावित टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, सुनियोजित पार्क, स्कूल, अस्पताल, बिजली घर और सार्वजनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि अधिग्रहण केवल किसानों की सहमति और आपसी समझौते के आधार पर किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो। डीएम राजेश कुमार पांडेय भी इस परियोजना पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि जो खाका तैयार हुआ है, वह अगले महीने तक पास हो जाएगा। इस परियोजना से शहर के विकास और बुनियादी ढांचे में नई गति आएगी।
नई टाउनशिप में लगभग 103 एकड़ जमीन का विकास किया जाएगा। इसमें 10 हजार लोगों के रहने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा शहरवासियों और आने-जाने वालों के लिए 400 से 500 स्थायी और अस्थायी दुकानें बनाई जा सकेंगी। दुकानों के लिए कुल जमीन का लगभग पांच प्रतिशत हिस्सा आरक्षित किया जाएगा। सड़कें 9 से 12 मीटर चौड़ी होंगी, ताकि ट्रैफिक की समस्या को न्यूनतम किया जा सके।
विज्ञापन

पार्किंग की सुविधा के लिए तीन से चार अलग-अलग पार्किंग क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इस तरह शहर में पहली बार पार्किंग की बड़ी समस्या को ठोस रूप से हल किया जाएगा। साथ ही एक आधुनिक पार्क भी विकसित होगा, जो शहरवासियों और बच्चों के लिए मनोरंजन और स्वास्थ्य के लिहाज से उपयोगी होगा।
नई टाउनशिप में बिजली की भी पूरी व्यवस्था होगी। इसके लिए नया बिजली घर स्थापित किया जाएगा और बिजली की आपूर्ति पूरी तरह से नियमित एवं सुरक्षित होगी। इसके अलावा सड़क की रोशनी और सार्वजनिक क्षेत्र की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नई टाउनशिप के विकास से करीब चार से पांच हजार लोगों को रोजगार के अवसर सीधे तौर पर मिलेंगे। इसके अलावा, निर्माण और सेवाओं से जुड़े अन्य रोजगार भी उत्पन्न होंगे।
नगरवासियों के लिए स्कूल, अस्पताल और मनोरंजन केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे शहर का जीवन स्तर उन्नत होगा। सचिव परमानंद यादव ने कहा कि यह परियोजना सिर्फ शहर का विस्तार नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से लोगों को सुनियोजित और व्यवस्थित आवासीय व्यवस्था, रोजगार और जीवन की बेहतर गुणवत्ता प्रदान की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परियोजना पूरी तरह पारदर्शी और विवादमुक्त तरीके से संचालित की जाएगी।


दिल्ली, लखनऊ और मुंबई जैसी सुसज्जित सिटी के तर्ज पर होगी तैयार
नई टाउनशिप की योजना दिल्ली, लखनऊ और मुंबई जैसी सिटी के मॉडल पर आधारित होगी। स्कूल, अस्पताल और दुकानें केवल सुविधाओं तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि शहरवासियों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने वाली होंगी। पार्क और सार्वजनिक स्थल स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिहाज से आधुनिक डिजाइन के अनुसार विकसित किए जाएंगे। डीएम ने इस परियोजना की समीक्षा बैठकें लगातार की हैं और समय-समय पर निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई टाउनशिप शहर के विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।


परियोजना पर अनुमानित 100 करोड़ रुपये
इस परियोजना पर अनुमानित 100 करोड़ रुपये तक का बजट खर्च किया जाएगा। विभाग ने अभी बजट स्पष्ट नहीं किया। इसमें सड़कें, पार्क, बिजली घर, स्कूल, अस्पताल और अन्य बुनियादी संरचनाओं के निर्माण शामिल हैं। भूमि अधिग्रहण किसानों से बातचीत और मुआवजा देकर किया जाएगा, ताकि सभी पक्ष संतुष्ट रहें। इस परियोजना से न केवल शहर का विस्तार होगा, बल्कि आसपास के गांव और इलाकों में भी समग्र विकास की लहर दौड़ेगी। यह शहरवासियों के लिए रोजगार, शिक्षा और जीवन शैली में सुधार का मार्ग प्रशस्त करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें