बबीना में क्वारंटीन सेंटर से भागने की सूचना पर जानकारी देती पुलिस
- फोटो : ORAI
कदौरा। कस्बे में एक दिन पहले आए युवकों को रेंडम जांच के लिए ले जाते समय दो युवक क्वारंटीन सेंटर की दीवाल फांदकर भाग गए, जैसे ही मामले की जानकारी अधिकारियों को मिली गांव में हड़कंप मचा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि युवकों को पकड़ने के लिए परिवार व परिचितों के घरों में छापेमारी की जा रही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम बवीना में बुधवार शाम मुंबई से एक दर्जन युवक लौटे थे, जिन्हें स्वास्थ्य परीक्षण के बाद परिषदीय विद्यालय में क्वारंटीन किया गया था। गुरुवार को युवकों को रेंडम जांच करवाने के लिए स्वास्थ्य कर्मी एंबुलेंस लेकर क्वारन्टीन सेंटर पहुंचे तो एंबुलेंस व स्वास्थ्य कर्मियों को देखकर दो युवक दीवार फांद कर भाग गए। युवकों के भागने की खबर स्वास्थ्य कर्मियों ने चिकित्सा अधीक्षक अशोक कुमार को दी। जिस पर चिकित्सा अधीक्षक ने थाना पुलिस को अवगत कराया।
सूचना मिलते ही एसओ जितेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसआई सत्यदेव त्रिपाठी पुलिस बल के साथ पहुंचे और क्वारंटीन सेंटर में रुके लोगों से बात कर युवकों की खोजबीन शुरू की। चिकित्सा अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि बवीना में मुंबई से एक दर्जन लोग आए थे, जिसमें महिला व बच्चे थे। बवीना से 7 व सुजानपुर में दिल्ली से लौटे 3 युवकों को भी रेंडम जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। एसओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई है। युवकों की तलाश की जा रही है अभी तक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।