कदौरा। रुपये के लेनदेन को लेकर दो सब्जी विक्रेताओं में मारपीट हो गई। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के चार लोगों को थाने ले आई। जहां दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने एक पक्ष के तीन लोग व दूसरे पक्ष के एक लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है।
नगर के मुख्य सब्जी मंडी में शुक्रवार शाम 7 बजे तनवीर पुत्र ताज मुहम्मद अपनी सब्जी की दुकान में बैठा था, उसी समय कदीर राइन के रिश्तेदार समीर शरीफ व परवेज निवासीगण मोहल्ला कटरा अस्तबल अपने साथियों के साथ आए और उससे सब्जी व अन्य सामान की उधारी मांगने लगे, जिस पर तनवीर ने कहा कि वह खुद जाकर कदीर को पैसे दे आएगा, लेकिन वे लोग दुकान में तोड़फोड़ करने लगे। विरोध करने पर गुस्साए उक्त लोगों ने तनवीर को दुकान से खींच कर सड़क पर पीटना शुरू कर दिया।
तभी तनवीर पक्ष के लोग भी आ गए, जिससे दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी जिससे सब्जी मार्केट में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने दोनों पक्ष के चार लोगों को पकड़ कर थाने ले आई। तनवीर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका कालपी निवासी कदीर राइन से सब्जी को लेकर लेनदेन चलता है, लेकिन कदीर के रिश्तेदारों ने आकर मारपीट व तोड़फोड़ की। जिससे उसकी 30 हजार की सब्जी बर्बाद हो गई।
वहीं कदीर राइन ने तहरीर देख बताया कि तनवीर कई दिनों से पैसे नही दे रहा था और मांगने पर गाली गलौज करता है। पुलिस ने एक पक्ष के समीर राइन, कदीर राइन व परवेज, जबकि दूसरे पक्ष से तनवीर को पकड़ कर शांति भंग व मारपीट में कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह का कहना है कि रुपये के लेनदेन में झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।