आटा के कहटा में सोना के घर के बाहर खड़े ग्रामीण।
- फोटो : ORAI
आटा (जालौन)। घरवालों को बिना कुछ बताए गांव से डेढ़ किमी दूर स्थित बेतवा नदी में नहाने गई तीन किशोरियों में से दो पानी में लापता हो गई। परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी हुई तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। आनन फानन में ग्रामीणों की भीड़ नदी किनारे पहुंच गई। सूचना पाकर आटा थाने की पुलिस भी पहुंची और बच्चियों को तलाशने का काम शुरू किया गया। पुलिस ने बताया कि तीसरी बच्ची भी डूब रही थी, उसे ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया। फिलहाल दोनों बच्चियों की तलाश की जा रही है।
आटा थाना क्षेत्र के ग्राम कहटा निवासी सोना (13) पुत्री प्रहलाद कक्षा पांच, गुड़िया (9) पुत्री बली राजपूत कक्षा 2 और मोहनी (8) पुत्री अशोक तीनों आपस में सहेलियां थी। सोमवार शाम पांच बजे के आसपास तीनों बच्चियां घर में बिना किसी को कुछ बताए गांव से कुछ दूरी पर स्थित बेतवा नदी में नहाने चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने परिजनों को बताया कि नहाते वक्त तीनों ही बच्चियां डूबने लगीं। इस पर कुछ लोगों ने नदी में छलांग लगाकर किसी तरह मोहनी को निकाल लिया, लेकिन तब तक सोना और गुड़िया उनकी पहुंच से दूर हो चुकी थी। करीब सात बजे के आसपास जब मोहनी ने गांव पहुंचकर घरवालों को घटना की जानकारी दी, वहां कोहराम सा मच गया। परिजनों के साथ ग्रामीणों की भीड़ भी नदी की ओर दौड़ पड़ी।
इस बीच सूचना पाकर आटा थाने की पुलिस भी पहुंच गई। इलाके के ही गोताखोर बच्चियों की तलाश में अंधेरे परवाह किए बगैर नदी में कूद पड़े पर काफी देर तक प्रयास के बाद भी बच्चियों का कुछ पता नहीं चला। बच्चियों के परिजन भी बदहवासी की हालत में नदी किनारे चीखते चिल्लाते रहे। पुलिस का कहना है कि बारिश के कारण नदी में पानी काफी है और उस पर अंधेरा भी हो गया है, जिस कारण बच्चियों की तलाश में दिक्कत आ रही है। फिर भी लाइट के सहारे प्रयास जारी है।