उरई (जालौन)। पुलिस को कई दिनों से जिले में गांजा तस्करों के जिले में होने की जानकारी मिल रही थी। इस पर रेंढ़र थाना पुलिस ने एसओजी व सर्विलांस टीम की मदद से चेकिंग अभियान चलाया। जिस पर कार से पुलिस को भारी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन सभागार में खुलासा करते हुए एएसपी असीम चौधरी ने बताया कि रेंढ़र थाना पुलिस व एसओजी टीम को सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। इस पर मंगलवार सुबह रेंढ़र थाना पुलिस ने क्षेत्र के एमपी सीमा से सटे लगामपुरा बैरियर के पास कार को रोकने का प्रयास किया पर चालक ने कार भगा ली। इस पर पुलिस ने पीछा कर थोड़ी दूरी पर पकड़ लिया।
पुलिस ने कार सवार मध्य प्रदेश के जिला टीकमगढ़ के पलेरा निवासी रहीस यादव व झांसी जिले के मोंठ थाना क्षेत्र के भुझौंद गांव निवासी विवेक यादव को पकड़ लिया। कार से पुलिस ने 50 किलो 639 ग्राम गांजा बरामद किया। एएसपी ने बताया कि गांजे की कीमत करीब 22 लाख रुपये है।
पकड़े गए तस्करों ने बताया कि उड़ीसा से गांजे को लाकर जिले के अलावा औरैया व कानपुर बेचते है। पुलिस ने उनका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। विवेक यादव पर पहले से ही एक मामला दर्ज है। इस दौरान रेंढ़र थाना प्रभारी नीलम सिंह, एसओजी प्रभारी सतेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।