कालपी। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले से करीब एक माह पहले लापता हुईं दो नाबालिग सगी बहनों को पुलिस ने बुधवार को जोल्हूपुर मोड़ के पास से खोज लिया। दोनों किशोरियां हाईवे किनारे खड़ी होकर किसी वाहन का इंतजार कर रही थीं।
किशोरियों के लापता होने के मामले में परिजनों की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी और महमूदपुरा चौकी प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ संभावित स्थानों पर तलाश की। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों किशोरियां जोल्हूपुर मोड़ के पास हाईवे किनारे मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को खोज लिया। पुलिस ने उनके चिकित्सकीय परीक्षण और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि दोनों किशोरियों को बरामद कर लिया गया है। नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।