कोंच। नवीन फल-सब्जी मंडी में बुधवार को अमले के साथ पहुंचे तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा ने सब्जी की दो दुकानों में ताले डलवा दिए। दरअसल इनके आवंटनकर्ताओं ने नोटिस के बावजूद बीते पांच सालों में नीलामी के समय बोली गई बोली की प्रीमियम की अवशेष राशि का भुगतान नहीं किया था।
मंडी सचिव मलखान सिंह ने बताया कि अहमद राईन एंड कंपनी को 27 नंबर की दुकान और अरबाज वारसी एंड कंपनी को 46 नंबर की दुकान वर्ष 2015 में आवंटित की गई थी। इन पर क्रमश: एक लाख 70 हजार और एक लाख 68 हजार रुपये की राशि अवशेष थी। इस पर उन्हें चेतावनी के साथ सितंबर में नोटिस भी भेजे गए लेकिन दोनों ने पैसे जमा नहीं कराए। इसी कारण यह कार्रवाई की गई।
उधर तहसील सभागार में बुधवार को तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा की अध्यक्षता में तालाबों की नीलामी प्रक्रिया कराई गई। इसमें कैथी और जगनपुरा के तालाब के लिए आवेदन आए थे लेकिन सिर्फ कैथी तालाब की ही नीलामी पूरी हो सकी।
गौरतलब है कि पहले भी कई बार इनकी नीलामी कराने का प्रयास किया गया लेकिन कम बोली आने से प्रक्रिया निरस्त कर दी जाती थी। बुधवार को रामप्रताप पुत्र बिरंची निवासी कैथी दके ने 50,500 रुपये प्रतिवर्ष की बोली लगाई। उन्हें एक साल के लिए तालाब का पट्टा दे दिया गया। जगनपुरा के तालाब की बोली सही नहीं आने पर नीलामी मुल्तवी कर दी गई।