माधौगढ़। कैलोर के पास दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। इससे दोनों बाइकों में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे ने ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइकों को कब्जे में ले लिया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
कोतवाली क्षेत्र के अटागांव निवासी अशोक कुमार दोहरे (55) पड़ोसी रामसेवक (60) के साथ सोमवार को माधौगढ़ बाजार गए थे। रात में दोनों घर लौट रहे थे। जब उनकी बाइक कैलोर के पास पहुंची तभी बंगरा की ओर से आ रहे उत्तरी मालवीय नगर निवासी सौरभ दोहरे (22) व चचेरे मामा संतोष कुमार (58) की बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार रोड के दूसरी ओर जा गिरे। शोरगुल सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने अटागांव निवासी अशोक कुमार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं रामसेवक, सौरभ कुमार व संतोष कुमार की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। परिजन सौरभ कुमार व संतोष कुमार को ग्वालियर ले जा रहे थे कि संतोष कुमार की रास्ते में मौत हो गई। मृतक अशोक कुमार की पत्नी सियावती, पुत्र दीपक व जीत सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मृतक संतोष कुमार की मां कंचन देवी, पत्नी गायत्री देवी, पुत्र अनूप, शिवम रो-रोकर बेहाल है। कोतवाली प्रभारी संदीप कुमार सिंह ने कहा कि किसी पक्ष से तहरीर नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।