कदौरा में सड़कों पर घूमते अन्ना मवेशी
- फोटो : ORAI
कदौरा (जालौन)। कस्बे के बेरी रोड के नजदीक अपने खेतों पर खड़ी फसल की रखवाली कर रहे किसानों ने जब लहरा गांव थाना कुरारा, हमीरपुर की तरफ से बड़ी संख्या में अन्ना मवेशियों को हांकते देखा तो विरोध किया। इससे दोनों पक्षों के लोगों में वाद विवाद शुरू हो गया। मामला बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया। थानाध्यक्ष का कहना है कि कुछ गांव के किसान अन्ना जानवरों को शहर की ओर हांक रहे थे, जिसे लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामले को शांत करा दिया गया है।
बता दें कि इन दिनों अन्ना जानवरों को एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में हांकने को लेकर विवाद चरम पर है। आए दिन किसी न किसी गांव से अन्ना मवेशियों को हांकने को लेकर विवाद हो रहा है। मंगलवार सुबह कस्बे से लगे खेतों की रखवाली कर रहे किसानों ने गांवों की ओर से अन्ना का झुंड आता देखा तो खेतों से निकल कर सड़कों पर आ गए और अन्ना मवेशियों को हांक रहे किसानों से उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर हाथापाई पर पहुंच गया। मामले को बढ़ता देख किसी ने यूपी 100 पुलिस को फोन से सूचना दे दी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंच पुलिस ने किसानों को समझा बुझा कर शांत कराया और अन्ना को वापस हांक दिया। किसान सुनील कुमार, मुन्ना, संतोष, धनीराम ने पुलिस को बताया कि आसपास के गांव के लोग अपने अपने गांव के अन्ना जानवरों को कदौरा तरफ हांक देते है, जिस कारण नगर में अन्ना जानवरों की भरमार हो गई है। साथ ही अन्ना मवेशी कस्बे के पास स्थित खेतों में खड़ी फसल को नष्ट कर रहे है। वहीं सड़कों पर डेरा जमाए अन्ना आए दिन किसी न किसी राहगीर को चुटहिल कर रहे है। पुलिस का कहना है कि मामले को शांत करा दिया गया है।