कोंच। 24 घंटे के अंदर कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों की पुलिस से दूसरी मुठभेड़ हुई। इसमें सराफ लूट कांड के दो और बदमाश पुलिस ने गिरफ्तार किए है। मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे ने पुलिस की घेराबंदी देख सरेंडर कर दिया। लूटकांड का मास्टरमाइंड अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगी हैं।
कोतवाली क्षेत्र के नवीन ज्वैलर्स के यहां 15 मई को दिनदहाड़े छह नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में धाबा बोल कर तमंचे के दम पर सोने चांदी के आभूषण लूट लिए थे और मौके से भाग गए। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया था। 26 मई की रात पुलिस ने पहाड़गांव की ओर जाने वाली नहर पट्टी पर तीन लुटेरों को मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार किया था। इसमें दो चांदी के सिंहासन, एक अंगूठी, तीन तमंचा, पांच कारतूस व एक बाइक बरामद की गई थी। इसमें झांसी के समथर थाना क्षेत्र के करई निवासी राजवीर गोस्वामी, रामेंद्र उर्फ रामू पाल व रानू कुशवाहा के पैर में गोली मारकर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
मंगलवार की रात कोंच कोतवाली पुलिस, कैलिया पुलिस व एसओजी टीम की संयुक्त टीमों ने चेकिंग अभियान चलाया। कोंच महेशपुरा रोड से जुझारपुरा से हिंगुटा की ओर जाने वाले नहर पट्टी के रास्ते में बदमाशों की घेराबंदी की गई। पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में गोली लगने से कैलिया निवासी अजय कुशवाहा उर्फ गोलू गिर पड़ा। दूसरे बदमाश कैलिया निवासी रामू कुशवाहा ने सरेंडर कर दिया। एसपी ने बताया कि अब तक पांच बदमाशों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। शेष बचे एक बदमाश कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी गई हैं। शाजिशकर्ता अभी भी फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हैं।