एट (जालौन)। प्रवासी मजदूरों से ठसाठस भरी डीसीएम को बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार भारी वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे डीसीएम अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी। डीसीएम सवार एक महिला समेत दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 मजदूर घायल हो गए। हादसे की जानकारी पाकर पुलिस फोर्स, एंबुलेंस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायलों को अस्पताल भेजने का सिलसिला शुरू हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर शोक जताकर ट्विट किया और पीड़ितों को राहत राशि देने की बात कही। पुलिस ने फिलहाल डीसीएम चालक की तहरीर पर फरार अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बृहस्पतिवार रात दो बजे के लगभग महाराष्ट्र से भदोही, प्रतापगढ़, चित्रकूट और जौनपुर के प्रवासी मजदूरों को लेकर आ रही डीसीएम जब कानपुर-झांसी हाईवे पर एट के गिरधान स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का चालक स्टेयरिंग से नियंत्रण खो बैठा और देखते ही देखते मजदूरों से लदी डीसीएम हाईवे किनारे खेत में जा घुसी। डीसीएम सवार मजदूर लहूलुहान होकर बाहर गिरे और चीख पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर तत्काल आसपास के थानों का फोर्स, अस्पताल व हाईवे एंबुलेंस की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। इसके बाद घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कालेज भेजने का सिलसिला शुरू हुआ।
डीसीएम में सवार सुंदरी देवी(65) पत्नी विनोद ग्राम भिटारी, चित्रकूट और शेर बहादुर गौतम (27) पुत्र छोटेलाल निवासी जमनी, जिला भदोही की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 40 से अधिक मजदूर घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज शिफ्ट कराया गया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री ने भी शोक जताया और मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की बात कही। डीएम डॉ मन्नान अख्तर और एसपी डॉ सतीश कुमार भी घायलों का हाल जानने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मेडिकल कालेज प्रबंधन को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज और उनके खानपान में किसी तरह की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। एसपी ने बताया कि डीसीएम के चालक की तहरीर पर टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
घायल मजदूरों की सूची
रवि, छोटे लाल, उमेश यादव, रेखा यादव, राजू भारद्वाज, रवि कुमार निवासी भदोही, अजय गौतम प्रतापगढ़, राजकुमार चित्रकूट के अलावा विनोद, राजेश गौतम, रमेश कुमार, श्याम देव राजभर, अशोक, विजय गौतम, चंद्रशेखर, श्यामपाल, ज्वाला प्रसाद, हीरामनि, रिजवान, नरश, विनोद, गुलशन, रूपेश, बृजेश, रोशन, रामशिरोमणि, रिजवान, सद्दाम, अशोक, राजमणि, सुमंग, एजाज, रामेश्वर, राजू शेख, रामसजीवन, शिवशंकर, रमेश, नंदलाल भदोही आदि मजदूर शामिल है। इनमें 21 मजदूरों की हालत गंभीर है। जबकि उमेश यादव निवासी भदोही को झांसी रेफर किया गया है।