पुलिया के इसी जगह पर हो चुके कई हादसे।
- फोटो : amarujala
मुहम्मदाबाद। कोटरा थाना क्षेत्र के ग्राम सैदनगर निवासी संजय (38) पुत्र रामकुंवर पाठक रविवार की देर शाम गांव के ही जगरूप निरंजन के साथ बाइक से राठ से उरई आ रहे थे। वह जैसे ही डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा के पास पहुंचे तभी गांव के बाहर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया पर अचानक बाइक से संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई और दोनों गिर पड़े, हेलमेट न लगाए होने पर सिर में चोटें आने से संजय की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी पाकर यूपी 100 पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने बंबी में उतरकर दोनों बाइक सवारों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक संजय की मौत हो चुकी थी, जबकि रामकुंवर को मामूली चोटें आई थी। पुलिस घायल ककिजला अस्पताल लेकर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अस्पताल पहुंचे रामकुंवर प्राथमिक इलाज कराने के बाद घर चला गया। जिला अस्पताल पहुंचे संजय के परिजनों ने जब उसे मृत देखा तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई। उन्होंने बताया कि संजय अपने साथ लाइसेंसी बंदूक लिए थे, जिसकी नाल तो मिली, लेकिन उसकी बट नदारत है। पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि बंदूक की बट हादसे के दौरान सड़क के टकराने की वजह से टूट गई हो। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हकीकत सामने आएगी।
उरई में सोमवार की दोपहर एक आटो उरई से 12 मजदूर लेकर एट के गिरथान गांव मटर तोड़ने जा रही थी। आटो उरई से निकलते ही जब हाईवे पर पहुंची तभी चालक ने रफ्तार तेज कर दी। वह जैसे ही एट थाना क्षेत्र के सोमई गांव के पास पहुंचा तो रफ्तार तेज होने से आटो अनियंत्रित हो गई। चालक जब तक काबू करता तब तक आटो सड़क किनारे खंती में जा पलटी। हादसा होते ही वहां पर चीख पुकार मच गई। हादसा होते देख राहगीर दौड़कर पहुंचे और ऑटो में सवार गुड्डन देवी (45) पत्नी मनोज कुमार, ज्योति (11) पुत्री रामेंद्र कुमार, कामिनी (9) पुत्री रामेंद्र कुमार, सावित्री (50) पत्नी स्व. महावीर, केशर (45) पत्नी संतराम, विमला (40) पत्नी रमेश, साक्षी (14) पुत्री मनोज कुमार, उल्फत (46) पत्नी मदारी, शांति (50) पत्नी नंदराम निवासीगण मोहल्ला पाठकपुरा उरई, माया (50) पत्नी स्व. गोपाल, अभिषेक (11) पुत्र स्व. गोपाल निवासीगण ग्राम बवीना थाना कदौरा व सुशीला (40) पत्नी मानसिंह निवासी मोहल्ला उमराखेड़ा उरई गंभीर रूप से घायल हो गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने गुड्डन देवी को मृत घोषित कर दिया और बाकी घायलों को प्राथमिक इलाज देकर अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोकलपुरा निवासी करन सिंह पुत्र रामसहाय सोमवार को बाइक से अपने साथी रविंद्र पुत्र बालादीन निवासी ग्राम रूरा सिरसा के साथ किसी काम से माधौगढ़ आ रहा था। दोनों जैसे ही कुरौती गांव के पास पहुंचे तभी सामने आ रहे ही वेगनआर कार ने बाइक में टक्कर मार दी। उनकी बाइक का पहिया कार में फंसने से दोनों काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में करन व रविंद्र दोनों लहूलुहान हो गए। हादसा होता देखकर आस पास मौजूद लोग दौड़ कर आए। उन्होंने कार चालक को पकड़ लिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत ज्यादा गंभीर होने पर चिकित्सक ने दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हेलमेट न लगाए होने से दोनों के सिर पर गहरी चोट आ गई थी। वहीं कार चालक बाइक सवारों की गलती बताकर कार लेकर भाग गया।