राजस्व वसूली में कमी के चलते चीफ इंजीनियर की नाराजगी के बाद शनिवार को
बिजली विभाग के अफसर बकाएदारी वसूलने के लिए खुद ही सड़कों पर उतर आए।
अधीक्षण अभियंता से लेकर एसडीओ तक पूरी टीम के साथ सघन चेकिंग अभियान के
लिए निकल पड़े। इस दौरान दो सैकड़ा से अधिक बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए
गए। करीब तीन दर्जन
बकाएदारों व बिजली चोरों पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए नौ
लाख रुपये बकाएदारी भी वसूली गई। शुक्रवार को बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर
पीके जैन ने जिले के बिजली अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व वसूली कम होने
पर नाराजगी जताई थी। साथ ही तीन दिन का विशेष अभियान चलाने को कहा था। इस
पर शनिवार को विशेष अभियान के पहले दिन अधीक्षण
अभियंता एसएस प्रसाद, शहरी
क्षेत्र के एसडीओ अजय कुमार, सभी जेई अपनी पूरी टीम के साथ सघन चेकिंग
अभियान के लिए निकले। शहीद भगत सिंह चौराहा, टाउन हॉल, करमेर रोड, स्टेशन
रोड, मुख्य बाजार आदि जगहों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिल जमा न
करने वाले 227 बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए गए। साथ ही बिना बिल जमा किए
फिर से
कनेक्शन जुड़वाने वाले व बिजली चोरी करने वाले 31 उपभोक्ताओं पर
रिपोर्ट दर्ज कराई गई। 13 बकाएदारों से नौ लाख रुपये की वसूली की गई। बिजली
विभाग के अभियान से हड़कंप मचा रहा। कई बकाएदारों ने तुरंत अपना बकाया जमा
करके बिजली कनेक्शन कटने से बचाया। एसडीओ अजय कुमार ने कहा कि जिन
उपभोक्ताओं ने दो महीने से ज्यादा समय से बिल जमा नहीं
किया है वह तुरंत
जमा कर दें। अन्यथा की स्थिति में उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे और एफआईआर
भी दर्ज कराई जाएगी। इस दौरान एसई एसएस प्रसाद, एसडीओ अजय कुमार, जेई
पाराशर, जेई बीके चौधरी, शफीक बाबू, इसरार बाबू, विद्युत कनेक्शन विच्छेदन
टीम व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।