कुठौंद। इलाके के दौन गांव में सोमवार की देर रात चोरों ने आसपड़ोस के दो घरों से लाखों रुपये के जेवर व नगदी पार कर दिए। सुबह जब गृहस्वामी की आंख खुलने पर चोरी का पता चला। पुलिस ने जांच पड़ताल कर चोरी का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
दौन गांव निवासी जितेंद्र कुशवाहा ने बताया कि वह बाहर रहकर पानी के बतासे बेचते हैं। घर पर पत्नी रहती है। रात को वह गांव स्थित दूसरे घर पर चली गई थी।
इस बीच चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे की अलमारी में रखा एक मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी के सिक्के, दस हजार रुपये चुरा लिए। इसके बाद चोर पड़ोसी किसान संतोष कुशवाहा के घर में छत के रास्ते दाखिल हुए।
उनके कमरे में रखी अलमारी से एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी पायल, सोने का लॉकेट, एक चांदी की चूड़ी, दो जोड़ी बिछिया, बीस हजार रुपये चोरी कर ले गए। सुबह सामान बिखरा देख संतोष को चोरी का पता चला।