मदद के बहाने डेबिट कार्ड बदलकर लोगों से साथ धोखाधड़ी कर रुपये निकाल लेने वाले गिरोह के दो जालसाजों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 10 डेबिट कार्ड, नकदी व एक बाइक बरामद की है। कोतवाली परिसर में मामले का खुलासा करते हुए एएसपी असीम चौधरी ने बताया कि लोगों के डेबिट कार्ड बदलकर रुपये निकाल लेने की घटनाओं की जानकारी जिले से मिल रही थी। 5 नवंबर को भी शहर कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर निवासी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी।
उसने बताया कि जब वह एटीएम बूथ से रुपये निकालने गया था पर कुछ गड़बड़ थी। तभी दो युवक आए और पिन बदलने की बात कहकर धोखाधड़ी से उसके 80 हजार रुपये पार कर दिए। जिस पर कोतवाली पुलिस व साइबर थाना टीम को इसके लिए लगाया गया था। रविवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि दो युवक बाइक के साथ खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर कुठौंद थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी वीपी सिंह व सिरसाकलार थाना क्षेत्र के मघापुर मढैया गांव निवासी मंगल सिंह को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से अलग अलग बैंकों के दस डेबिट कार्ड, 17 हजार रुपये व एक बाइक बरामद हुई है। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए जालसाज वीपी सिंह व मंगल के खिलाफ औरैया व इटावा में छह-छह मामले दर्ज हैं।