बड़ागांव के पास रेलवे ट्रैक पर खड़ी रेलगाड़ी
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। अन्ना मवेशी रेल संचालन के लिए मुसीबत बन गए हैं। मुंबई से चलकर गोरखपुर जाने वाली संत कबीर नगर एक्सप्रेस के इंजन में फंसकर दो अन्ना मवेशियों की मौत हो गई। ट्रेन चालक ने सह चालक के साथ मिलकर इंजन में फंसे मवेशियों को निकाला, इस दौरान 24 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही।
मुंबई से चलकर गोरखपुर जाने वाली संत कबीर नगर एक्सप्रेस नंबर 12542 मंगलवार सुबह 8.15 बजे जब झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक के उरई भुआ सेक्शन के बड़ागांव रेलवे क्रासिंग से गुजर रही थी, तभी अन्ना मवेशियों का झुंड रेलवे ट्रैक पर आ गया। जब तक ट्रेन चालक प्रशांत कुमार ने ट्रेन रोकी, तब तक दो मवेशी ट्रेन के इंजन में फंसकर कट गए। जिससे ट्रेन खड़ी हो गई और ट्रेन चालक ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद ट्रेन चालक ने सह चालक अजय के साथ मिलकर इंजन में फंसे मवेशियों को हटाया। इसके चलते ट्रेन 8.17 बजे से 8.41 बजे तक खड़ी रही। इसके बाद गंतव्य की ओर रवाना हुई।
कंट्रोल से आए संदेश के बाद इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों को भी काशन आर्डर देकर चलाया गया। झांसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 11109 तथा गोरखपुर से मुंबई जाने वाली ट्रेन नंबर 12541 को काशन आर्डर देकर रवाना किया गया। ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस एससी अग्रवाल ने बताया कि ट्रेन चालकों को काशन आर्डर देकर निर्देशित किया गया है कि ट्रैक के आसपास मवेशी घूम रहे है, हार्न बजाते हुए निकले।