उरई। लखनऊ से मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस में बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों के साथ टीटी का विवाद हो गया बात मारपीट तक पहुंच गई। कंट्रोल की सूचना पर उरई स्टेशन पर जीआरपी में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। शनिवार की रात लखनऊ से मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस (12533) लखनऊ से मुंबई के लिए जा रही थी। इसी बीच कानपुर से झांसी के लिए रवाना हुई तभी एसी के कोच कंडक्टर अभिषेक तिवारी ने एसी थर्ड में यात्रा कर रहे अरुण कुमार, अरविंद, फूलचंद, तरुण, कविता, सोना से टिकट मांगा। तीन लोग ही टिकट दिखा पाए। इस पर टीटी और यात्रियों के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि टीटी, कोच अटेंडेंट विशाल और यात्रियों के बीच मारपीट हो गई। शोर शराबा होने पर ट्रेन में एस्कॉर्ट कर रहे सिपाही भी मौके पर पहुंचे। ट्रेन रात 12:58 बजे उरई पहुंची। एस्कॉर्ट की सिपाहियों ने बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों को उतारा और उनके खिलाफ जीआरपी थाने में मामला दर्ज कराया गया। जीआरपी थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज ने बताया कि एसी कोच में कुछ यात्री बिना टिकट यात्रा कर रहे थे, कंट्रोल की सूचना पर उन्हें उतारकर कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फूलचंद्र यादव, अरविंद, तरुण यादव, वरुण यादव, अरुण यादव निवासी सूबेदार का पुरवा थाना डीह जनपद रायबरेली के खिलाफ मामला दर्ज किया है।