हाईवे किनारे खराब खड़े डंपर में पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक घुस गया। जिससे ट्रक के केबिन में फंसकर चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने चालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
एट थाना क्षेत्र के झांसी-कानपुर हाईवे स्थित जखौली गांव के पास पेट्रोल पंप पर गुरुवार देर रात डंपर पंचर हो गया। टायर बदलने के लिए चालक ने डंपर सड़क किनारे लगा दिया। इसी बीच गुना से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक उसमें पीछे से भिड़ गया। टक्कर से डंपर में लदी गिट्टी सड़क पर फैल गई।
वहीं ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। केबिन में फंसकर भोगनीपुर कानपुर देहात निवासी ट्रक चालक जमीरुल हसन (50) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही पंप पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सड़क पर गिट्टी फैलने व क्षतिग्रस्त वाहनों की वजह से सड़क पर जाम लग गया। पुलिस व टोल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से किनारे कराकर यातायात बहाल कराया। वहीं सूचना पाकर मृतक चालक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।