उरई। दो दिन से घर में अकेले ट्रक चालक का शव साड़ी के सहारे फंदे पर लटका मिला। फोन न लगने पर परिजन जब घर पहुंचे तो फंदे पर शव लटका देख सन्न रह गए। युवक की जेब में मिली पर्ची में मोहल्ले के ही तीन लोगों पर धमकाने व गालीगलौज करने का आरोप है। परिजनों ने तीनों पर ही हत्या कर शव को लटका देने का आरोप लगाया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी निवासी आशीष ने बताया कि वह 17 फरवरी को मां सुनीता के साथ मोहल्ला शांतिनगर स्थित अपने चाचा के घर गया था, जबकि ट्रक चालक पिता बलराम (46) घर पर अकेले थे। शाम को परिजनों ने फोन लगाया तो उनका फोन नहीं लगा। इस पर परिजनों ने सो जाने की बात सोचकर फोन नहीं लगाया।
दूसरे दिन भी जब पिता का फोन नहीं उठा तो घर जाकर देखा तो उसका शव फंदे पर लटका था। सूचना पर पहुंची पुलिस को उसके पास से एक पर्ची मिली है। जिसमें मोहल्ले के ही तीन लोगों द्वारा धमकाने की बात लिखी है। परिजनों ने तीनों पर ही हत्या कर शव को लटका देने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत पर जांच पड़ताल की जा रही है।