उरई। कोरोना काल से बंद चल रही जयपुर और पुष्कर की रोडवेज बस रविवार को दोबारा शुरू कर दी गईं। उरई डिपो से सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा और माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ।
माधौगढ़ विधायक ने कहा कि अभी शेरगढ़ घाट पर पुल बंद हो रहा है। ऐसे में यह रोडवेज सेवा भी बाधित होगी। इसलिए राजस्थान की ओर जाने वाली बस सेवाओं को जालौन से बंगरा, माधौगढ़, रामपुरा, जगम्मनपुर, भीखेपुर होकर इटावा होते हुए जयपुर व पुष्कर संचालित किया जाए। इससे रोडवेज को अतिरिक्त आमदनी होगी और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिल सकेगा।
एआरएम कमल किशोर आर्य ने बताया कि इन बसों में जयपुर सेवा उरई से जयपुर के लिए प्रतिदिन 11 बजे व जयपुर से उरई के लिए सुबह 6 बजे प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार से पुष्कर सेवा उरई से दोपहर 2 बजे उरई से पुष्कर के लिए व 11:30 बजे पुष्कर से उरई के लिए प्रस्थान करेगी। पुष्कर सेवा अजमेर से होकर संचालित होगी। अजमेर से उरई के लिए 12:15 बजे प्रस्थान करेगी। अब राजस्थान की राजधानी जयपुर से उरई के लिए सुबह छह बजे और शाम चार बजे रोजाना दो सेवाएं मिलेगी।
इन बसों से जालौन तथा निकटवर्ती जनपद के यात्री व श्रद्धालुओं को फतेहपुर सीकरी, बालाजीधाम, पुष्कर धाम जैसे तीर्थस्थलों के साथ-साथ भरतपुर, दौसा, किशनगढ़ के लिए सीधी परिवहन सेवा प्राप्त होगी। संचालन रोडवेज यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री रियाजुल हक ने किया। इस दौरान कृष्ण प्रताप सिंह, प्रदीप गुप्ता, अनुपम तिवारी, अंकित पटेल, भूपेश द्विवेदी, महेंद्र कुमार, प्रबल प्रताप सिंह, अमर सिंह, मोहर सिंह, रंजीत सिंह राजू सरदार मौजूद रहे।
इनसेट
उरई रेलवे स्टेशन पर एसी विश्रामगृह और चार बेड का डॉरमेट्री बनेगा
बनारस, इंदौर महाकाल एक्सप्रेस के दूसरे रैक का जल्द होगा ठहराव
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। पुणे से गोरखपुर जाने वाली पुणे एक्सप्रेस में लगे विशेष सैलून से रविवार की सुबह 9:38 बजे उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पीसीसीएम) बृजेंद्र सिंह प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि स्टेशन पर यात्रियों के लिए एक और एसी विश्रामगृह के अलावा चार बेड का एसी डॉरमेट्री बनाया जाएगा। इसका फायदा देर रात आने-जाने वाले यात्रियों को मिलेगा। उन्होंने बताया इस काम को जल्द ही कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बनारस-इंदौर महाकाल के दूसरे रैक की ठहराव की अनुमति रेलवे बोर्ड से मिल गया है। जल्दी इस ट्रेन का ठहराव स्टेशन पर होगा। इसकी वजह से सीधे बनारस और इंदौर-उज्जैन जाने वाले यात्रियों को मिलेगा।
इस दौरान स्टेशन अधीक्षक एसके खरे, आरपीएफ के दरोगा गंभीर सिंह मौजूद रहे।