उरई। दीपावली व छठ पूजा जैसे त्योहारों पर यात्रियों को सीटें नहीं मिल रही है। नियमित व स्पेशल ट्रेनों में घर लौट रहे कामगारों को ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते घंटों इंतजार तक करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को गोरखपुर और मुंबई की ओर से आने वाली गाड़ी 11 घंटे अधिक देरी से आई। गोरखपुर से मुंबई जाने वाली त्योहार स्पेशल ट्रेन (01080) निर्धारित समय रात के 12:05 बजे के स्थान पर दूसरे दिन सुबह के 11.57 बजे यानी 11 घंटा 52 मिनट देरी से आई। अयोध्या कैंट से बांद्रा की ओर जाने वाली त्योहार स्पेशल 09096 भी 11 घंटा 18 मिनट देरी से आई।
आजमगढ़ से मुंबई जाने वाली संत कबीर नगर एक्सप्रेस 201040 साढ़े चार घंटा, पटना से झांसी जाने वाली त्योहार स्पेशल 04184 दस घंटा 20 मिनट देरी से आई। गांधीनगर से बनारस जाने वाली कैपिटल एक्सप्रेस 22468 डेढ़ घंटा, झांसी से कानपुर जाने वाली मेमू 64607 एक घंटा 20 मिनट देरी से उरई पहुंची। लगातार ट्रेनों की लेट लतीफी के चलते यात्रियों ने नाराजगी जताई।
उनका कहना है कि रेलवे स्पेशल ट्रेन चलाकर टिकट की कीमत भी अधिक ले रहे हैं लेकिन इनके संचालक पर रेल प्रशासन गौर नहीं कर रहा है। इस वजह से यात्रियों को कई घंटे ट्रेन में गुजारना पड़ रहे। इनके साथ-साथ दैनिक ट्रेन भी देरी से आ रही है। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि ट्रेनों के संचालित करने में विशेष ध्यान दिया जा रहा है।