उरई। भुआ उरई सेक्शन के उरई स्टेशन पर झांसी की ओर से आने वाले ट्रैक के सिग्नल फेल होने के चलते पनवेल से गोरखपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 05066 होम सिग्नल पर करीब 45 मिनट खड़ी रही। इसके चलते यात्रियों को परेशानी हुई। बाद में तीन अन्य ट्रेनों को सतर्कता आदेश देकर निकाला गया।
बता दें कि कल बुधवार को रेल संरक्षा आयुक्त ट्रैक दोहरीकरण की शुरुआत करके गए है और उन्होंने कई बार नाराजगी भी जाहिर की थी। गुरुवार की दोपहर 2:45 बजे जब पनवेल एक्सप्रेस भुआ से उरई आ रही थी तभी सिग्नल फेल हो गए इसके चलते ट्रेन होम सिग्नल पर 2:45 से 3:30 बजे तक खड़ी रही। इससे हड़कंप मच गया। इसी बीच उरई स्टेशन पर निरीक्षण के लिए आए वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलीकाम अभियंता आशीष सैनी को जब सिग्नल फेल होने की जानकारी लगी तो वह भी मौके पर पहुंच गए।
इस घटना को लेकर उन्होंने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों से खासी नाराजगी जताई। कहा कि अगर इस तरह से सिग्नल फेल होते रहेंगे तो ट्रेनों का निर्बाध संचालन कैसे होगा। इस पर आरवीएनएल के अधिकारियों ने भरोसा दिया कि अभी नए प्वाइंट होने के चलते समस्या आ रही है। जल्दी उसको ठीक कर लिया जाएगा। इसके चलते पनवेल एक्सप्रेस के अलावा ग्वालियर से बरौनी जाने वाली छपरा मेल, बलसाड़ से कानपुर जाने वाली उद्योगकर्मी समेत तीन ट्रेनों को सतर्कता आदेश पर स्टेशन पर लाया गया।