महेवा(जालौन)। ब्लॉक महेवा की कालपी कोतवाली के जोल्हूपुर मदारीपुर मार्ग पर हरायपुर और बैरई के बीच ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार व्यापारी की मौत हो गई। चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। चालक हेलमेट नहीं लगाया था। इससे सिर मेें गंभीर चोर्टेें आइं।
जानकारी के अनुसार बकरी व्यापारी कयूम पुत्र शफीक कुरेशी (24 ) निवासी उदनपुरा महेवा की तरफ जा रहे थे। सुबह 10 बजे के करीब मदारीपुर मार्ग के पास ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोटें लगने से कयूम की मौके पर मौत हो गई। चचेरा भाई अनश कुरेशी (20 ) पुत्र इस्लाम घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। कयूम बकरों की खरीद फरोख्त का काम करता था। गांव-गांव बकरों की खरीद कर मंडी में बेचता था। राहगीरों ने कालपी पुलिस और परिजनों को सूचना दी। हलका इंचार्ज सब इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि कयूम के पांच भाई और दो बहनें हैं। वह तीसरे नंबर का था। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। वह हेलमेट नहीं लगाए था। अगर हेलमेट लगाए होता तो जान बच सकती थी