कोंच। कोतवाली क्षेत्र की नवीन गल्ला मंडी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। चोरी की वारदातों का खुलासा होने से पहले ही बदमाशों ने एक व्यापारी की आंखों में मिर्च झोंककर करीब 15,300 रुपये लूट लिए। इससे मंडी के व्यापारियों में आक्रोश है।
मंगलवार की देर रात पटेल नगर निवासी गल्ला व्यापारी प्रेमनारायण राठौर आढ़त का कामकाज निपटाकर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर गेट से पैदल घर लौट रहे थे। सुनसान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों का शिकार हो गए। एक बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वह पूरी तरह असहाय हो गए। इसी बीच अन्य दो बदमाशों ने उनकी जेब से लगभग 15,300 रुपये लूट लिए और भाग गए।
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि मिर्च पाउडर के कारण उन्हें कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। किसी तरह वह चीखते-पुकारते रेलवे स्टेशन तक पहुंचे जहां स्टेशन मास्टर की मदद से उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने उन्हें नर्सिंग होम पहुंचाया। बुधवार को पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह का कहना है कि पुलिस मामलों की जांच में जुटी है और जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
पूर्ववर्ती वारदातों का सिलसिला
यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गल्ला मंडी परिसर में चोरों ने कैंटीन और एक आढ़त के ताले तोड़कर नकदी और महत्वपूर्ण कागजात चुरा लिए थे। इसके अतिरिक्त, पीसीएफ कार्यालय में भी चोरी की घटना सामने आ चुकी है। इन तमाम घटनाओं के बावजूद, मंडी चौकी पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा करने में नाकाम रही है। वर्तमान में मंडी में सीजन का समय चल रहा है, और देर रात तक व्यापारियों व पल्लेदारों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में यह घटनाएं सुरक्षा की दृष्टि से चिंताजनक हैं।
व्यापारियों में रोष और सुरक्षा पर सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं से व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि मंडी जैसे व्यस्त और महत्वपूर्ण क्षेत्र में इस तरह की वारदातें पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर कर रही हैं। व्यापारियों ने मांग की है कि इन घटनाओं का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए और क्षेत्र में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए ताकि वे सुरक्षित महसूस कर सकें।