उरई आ रही ट्रैक्टर ट्राली उरई-राठ मार्ग स्थित मुहम्मदाबाद गांव के पास
मोड़ पर अनियंत्रित होकर खंदक में पलट गई। इस हादसे में 14 लोग घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला और उन्हें जिला
अस्पताल में भर्ती कराया। यहां एक युवक की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने
उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया।
डकोर थाना क्षेत्र के गांव
बंधौली निवासी ट्रैक्टर चालक धर्मसिंह अपनी ट्रैक्टर ट्राली लेकर उरई बाजार
करने आ रहा था। इसी दौरान क्षेत्र के ही दुर्गा प्रसाद (55), सिल्कू (30),
शिवचरण (45), मातादीन (50), कुठौंदवाली (70), बिलनी (60), जाहर सिंह (25),
दिव्यांशू (5), गोविंद, रतन, राजकुमार, देशराज, रामबहादुर भी ट्राली पर
सवार हो गए। रविवार सुबह करीब 11 बजे
ट्रैक्टर ट्राली उरई-राठ मार्ग
मुहम्मदाबाद स्थित मजार के पास मोड़ पर पहुंची तो रफ्तार अधिक होने से
अनियंत्रित हो गई। इसके बाद सड़क किनारे खंदक में जाकर पलट गई। इससे
ट्रैक्टर ट्राली में सवार सभी लोग दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे
की जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर
जिला अस्पताल भर्ती कराया। यहां जाहर सिंह की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों
ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया।
मोड़ पर नहीं लगा था संकेतक
जिस जगह हादसा हुआ है, वहां कोई संकेतक नहीं लगा था। इससे चालक ने
ट्रैक्टर की रफ्तार कम नहीं की जिसके चलते ट्राली खंदक में पलट गई। कई ऐसे
ही हादसे पहले भी इस मोड़ पर हो चुके हैं लेकिन पीडब्लूडी विभाग ने यहां पर
बोर्ड लगाने की जरूरत नहीं समझी। ग्रामीण विक्रम सिंह ने बताया कि कई
मर्तबा विभाग को अवगत भी कराया जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।