माधौगढ़। खेत की जुताई घर लौट रहे व्यक्ति का ट्रैक्टर अंडाई गांव के पास पानी भरे खंदक में पलट गया। इससे चालक की दबकर मौत हो गई। शोरगुल सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर अलग कर उसे निकाला और सीएचसी पहुंचाया। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के अटा गांव निवासी किसान हरपाल सिंह उर्फ झड़ूले (58) खेत की जुताई कर रहे थे। सोमवार को देर शाम खेत की जुताई कर ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहे थे। अंडाई गांव के पहुंचे थे कि अचानक ट्रैक्टर पानी भरे खंदक में पलट गया। शोरगुल सुन ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को अलग कर बेहोशी हालत में किसान को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने किसान को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुन मृतक की पत्नी कंचन सिंह, पुत्र मानवेन्द्र सिंह का रो रो कर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हलपाल के चचेरे भाई प्रधान प्रतिनिधि प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि गेहूं की बोआई चल रहीं है। सुबह खेत जोतने चले गए थे। ट्रैक्टर चालक के न पहुंचने पर भी खेत जोतने चले गए। दिसंबर माह शुरू हो गया है, गेहूं की बुवाई पिछड़ रही है।चार दिन में बुवाई करनी है,क्या पता आज इनकी लाश आएंगी।