फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: झाड़ियों में मिला ट्रैक्टर चालक का शव, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने की सड़क जाम

Tue, 20 May 2025 12:01 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
विज्ञापन
विज्ञापन
उरई (जालौन)। चक जगदेवपुर गांव के बाहर झाड़ियों में सड़क से करीब दस मीटर दूर ट्रैक्टर चालक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे बाद सीओ ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। युवक की पत्नी विनीता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रदीप यादव, उसके जलालपुर निवासी साले सुशील कुमार यादव व सत्यम यादव उर्फ गोलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन

शहर कोतवाली क्षेत्र के चक जगदेवपुर गांव निवासी सोनू कुमार (22) गांव के ही प्रदीप यादव का ट्रैक्टर चलाकर रात में मिट्टी की ढुलाई करता था। रविवार रात प्रदीप उसे अपने साथ मिट्टी खनन के लिए ले गया था। सोमवार सुबह जब लोग टहलने निकले तो चालक सोनू का शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। इस पर लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी।
परिजनों ने ठेकेदार प्रदीप उसके साले सुशील व गांव के ही सत्यम उर्फ गोलू यादव पर जेसीबी चढ़ाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों संग सड़क पर जाम लगा दिया। सुबह साढ़े छह बजे से लगा जाम आठ बजे तक रहा। इस दौरान ग्रामीणों ने किसी को भी नहीं निकलने दिया। सीओ अर्चना सिंह ने किसी तरह आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कहकर जाम खुलवाया।
विज्ञापन

मृतक की पत्नी विनीता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि जब पति का शव पड़ा मिला तो वह ठेकेदार प्रदीप के घर पहुंची और पति के बारे में जानकारी ली। आरोपी ने कहा कि तुम्हारा पति ज्यादा रुपये मांगता था। इसलिए उसे मार दिया है। इसके बाद जाति सूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। पुलिस ने आरोपी प्रदीप यादव, उसके जलालपुर निवासी साले सुशील कुमार यादव व सत्यम यादव उर्फ गोलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
परिजनों ने बताया कि सोनू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। उसकी एक छह माह की बेटी है। उसकी मौत से पत्नी विनीता सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं, पास में खड़े ट्रैक्टर का अगला पहिया गायब है। साथ ही स्कूल का बोर्ड और विद्युत पोल भी टूटा है। इससे आशंका जताई आ रही है कि हादसे में युवक की मौत हो सकती है। सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि परिजनों को समझाकर जाम को खुलवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।

गोद में पिता को निहारने की कोशिश कर रही मासूम
शहर कोतवाली क्षेत्र के चक जगदेवपुर गांव निवासी सोनू का शव पड़ा होने की जानकारी जैसे ही उसके परिजनों को लगी तो कोहराम मच गया। पत्नी विनीता परिजनों के साथ वहां पहुंची और पति के शव को देखकर बेसुध हो गई। उसकी छह माह की बेटी को मोहल्ले का ही एक व्यक्ति गोद में लिए खड़ा था। मासूम अपने पिता को निहारने की कोशिश कर रही थी। उसे क्या पता कि उसके सिर में हमेशा के लिए पिता का साया उठ चुका है।

दो घंटे लगे जाम से ग्रामीणों के अलावा शिक्षक व अन्य कर्मचारी फंसे
ट्रैक्टर चालक की मौत के बाद हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने उरई चुर्खी मार्ग को बंद कर दिया था। सुबह सात बजे का स्कूल होने के चलते रास्ते में पड़ने वाले स्कूलों में जाने वाले शिक्षक इस जाम में फंस गए। शिक्षकों व कर्मचारियों ने लोगों से निकलने की गुहार लगाई। लेकिन वह नहीं माने। इस पर करीब दो घंटे तक जाम में फंसे रहे। जाम खुलने के बाद ही शिक्षक अपने स्कूलों में पहुंच सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें