कोंच। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। पिता के साथ जा रही आठ साल की मासूम बच्ची उछल कर ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गई। बच्ची पर से ट्रैक्टर का पहिया गुजर गया। इसके बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला। गांव वालों ने बच्ची को कोंच स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।बच्ची की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। उधर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
ग्राम विरगुवां बुजुर्ग निवासी रामऔतार अपनी बेटी आठ वर्षीय काजल को बाइक पर बैठा कर खेत की ओर मजदूरी करने जा रहा था। पंचायतघर के पास सामने से राहुल पटेल निवासी विरगुवां बुजुर्ग लापरवाही से ट्रैक्टर चलाता हुआ आया और बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर पीछे बैठी काजल उछल कर सड़क पर गिरी और देखते ही देखते ट्रैक्टर का पहिया उसे रौंदते हुए निकल गया। आसपास के लोगों ने बच्ची को उठाया और नजदीक के एक निजी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से घर में कोहराम मच गया।
सूचना पर कोतवाल इमरान खान, दरोगा मदनपाल मौके पर पहुंचे और बच्ची के शव का पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल इमरान खान ने किसी तरह आक्रोशित भीड़ को समझाकर शांत कराया। कहना है कि रामऔतार की तहरीर पर राहुल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है, आगे की कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि सड़क हादसे का शिकार काजल रामऔतार के भाई की बेटी थी, जिसे उसने गोद लिया था। रामऔतार ने पैदा होतेे ही उसे गोद लिया था और सगी बेटी से अधिक उसे प्यार भी करता था। बेटी की मौत से रामऔतार का रो रोकर बुरा हाल था।