सरावन के मड़ोरी में जांच करती फॉरेंसिक टीम
- फोटो : ORAI
सरावन। चोरों ने शनिवार की रात पूर्व प्रधान के घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी काट दी। इसके बाद घर में घुसकर कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर जेवर व एक लाख की नगदी पार कर दी। चोरों ने दो लोगों की घर के बाहर खड़ी बाइकें चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने मड़ोरी गांव के दो घरों से जेवर व नगदी साफ कर लिए। इसके बाद कुछ दूरी पर दोनों बाइकें छोड़कर भाग गए। इससे पहले एक व्यक्ति ने आहट पाकर फायर कर दिया तो वहां से चोर भाग निकले थे। रविवार सुबह पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दे दी। थाना पुलिस ने पुलिस व फोरेंसिक टीम के साथ जाकर जांच पड़ताल की।
गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ोरी में शनिवार की रात चोरों ने पूर्व प्रधान रामलाल के मकान पर धावा बोला। मुख्य दरवाजे की कुंडी काटकर घर में घुस गए और जिस कमरे में रामलाल सो रहे थे, वहां बाहर से कुंडी लगा दी। फिर दूसरे कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया। वहां से चोरों ने एक लाख रुपये व सोने की जंजीर, अंगूठी, मंगलसूत्र व चांदी का बिछुआ चोरी कर लिया। जेवर की कीमत डेढ़ लाख बताई जा रही है। इसके बाद चोरों ने गांव के रिंकू सिंह व कृष्णपाल सिंह के दरवाजे पर खड़ीं दो बाइकें चोरी कर लीं।
फिर गांव के उदयवीर के घर की कुंडी काट कर जैसे ही भीतर घुसने को हुए तो आहट पर उदयवीर ने लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। फिर चोर बाइकों से भाग गए। इसके बाद चोर पास के गांव कु्दारी में पहुंचे और चोरो ने गजेंद्र सिंह व हरिनारायण के घरों से 20 व 18 हजार रुपये की नगदी सहित सवा लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। वहीं मड़ोरी गांव से चोरी कर लायी बाइकों को कुदारी गांव के बाहर छोड़ दिया। रविवार सुबह पीड़ितों ने पुलिस को चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी राजीव कुमार वैश्य ने जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।