जनपद में चौथे चरण में 23 फरवरी को होने वाले चुनाव को लेकर अधिकारी पसीना बहाने में जुटे हैं। मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होंगी। नवीन गल्ला मंडी से मतदान केंद्रों के लिए रवाना होने वाली पोलिंग पार्टियों में शामिल कर्मचारियों का लेखा, जोखा तैयार करने में मंगलवार को दिन भर अधिकारी व कर्मचारी
व्यस्त रहे। गल्ला मंडी में भी दिन भर अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था को टेंट, मेज आदि लगवाए गए। साथ ही पीने के पानी की भी व्यवस्था की गई। बता दें कि मतदान के 48 घंटे शेष रहने से तैयारियां तेज हो गईं हैं। 22 फरवरी बुधवार को जनपद में बनाए गए 1460 पोलिंग बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इसके पहले नवीन गल्ला मंडी में सभी
पार्टियों में मौजूद अधिकारी, कर्मचारी शामिल हुए। यहां से वह मतदान की सामग्री लेने के बाद बूथों के लिए रवाना होंगे। नवीन गल्ला मंडी में पोलिंग पार्टियों की निगरानी व लेखा, जोखा रखने वाले अधिकारियों के बैठने के लिए मेज-कुर्सी व धूप से बचने के लिए टेंट लगवाया गया। इसकी तैयारियां बुधवार को दिन भर होती रहीं। उधर, एसडीएम अक्षय त्रिपाठी का
कहना है कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी नवीन गल्ला मंडी से होंगी, वहां पर सारी तैयारियां कर ली गई हैं। धूप से बचने के लिए टेंट लगवाया गया तो वहीं, पीने के पानी के भी इंतजाम किए गए हैं।
डीएम, पीडी ने किया निरीक्षण
पोलिंग पार्टियों की रवानगी को लेकर नवीन गल्ला मंडी में किए गए इंतजामों का सीडीओ एसपी सिंह, पीडी चित्रसेन ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने की गई तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों, कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
चालकों को सौंपी गई पर्चियां
बूथों पर पोलिंग पार्टियों को ले जाने के लिए बड़ी संख्या में चार पहिया वाहनों को लगाया गया है। किस पार्टी को किस वाहन से ले जाना हैं, इसको लेकर मंगलवार को वाहन चालकों को पर्चियां सौंपी गई। सुबह से देर शाम तक पर्चियां लेने के लिए चालकों की भीड़ रही।