चौथे चरण का विधान सभा चुनाव गुरुवार को होना है। इसमें जिले की तीन विधानसभा सीटों से 29 दावेदारों के भाग्य का फैसला वोटिंग मशीन में कैद हो जाएगा। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो जाएगी जो शाम पांच बजे तक चलेगी। मतदान के लिए 1460 बूथ बनाए गए हैं। अधिकारियों का दावा है कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के तगडे़ बंदोबस्त रहे। बता दें
कि विधानसभा चुनाव को लेकर इंतजार की घड़ियां भी खत्म हो गई हैं। प्रशासन ने भी सारी तैयारियां पूरी कर लीं हैं। 23 फरवरी दिन गुरुवार को सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मतदान में निगरानी के लिए प्रशासन ने 32 जोनल व 632 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सभी बूथों पर की हैं, जो पूरे दिन घूम-घूम कर न सिर्फ मतदान केंद्रों का
जायजा लेंगे, बल्कि उन पर नजर भी रखेंगे, ताकि कहीं पर कोई गड़बड़ी न हो सके। किसी भी तरह की गड़बड़ी की कोशिश की गई तो संबंधित पर कड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गड़बड़ी पर इन नंबरों पर कर सकते हैं शिकायत
माधौगढ़ प्रेक्षक अजय शर्मा 9418068206
कालपी प्रेक्षक वाई किक्हेतो सेमा 9436000186
उरई बलिन देव वर्मा 9993236923
ऐसे भी डाल सकते हैं वोट
यदि किसी के पास पहचान पत्र नहीं है तो उन्हें परेशान होने की जरुरत नहीं हैं। निर्वाचन आयोग ने ऐसे 12 विकल्प जारी किए हैं, जिनके जरिए वे लोकतंत्र के सबसे बडे़ महापर्व पर मतदान कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग की मंशा है कि इससे वे मताधिकार से वंचित नहीं रहेंगे।
ये हैं विकल्प
1-पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड हैं तो आप वोट कर सकते हैं।
2-राज्य या केंद्र सरकार की ओर से जारी फोटो पहचान पत्र व बैंक डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक से भी मतदान कर सकते हैं।
3-आरजीआई व एनपीआर की जारी स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जाबकार्ड व श्रम मंत्रालय का स्वास्थ्य बीमा कार्ड से भी वोट करने का मौका दिया गया है।
4-फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, आधार कार्ड, सांसदों विधायकों व एमएलसी द्वारा जारी किए गए पहचान पत्र की सहायता से भी वोट डाल सकेंगे।
निशक्तों के लिए बूथ पर खास इंतजाम
निर्वाचन आयोग ने इस बार मतदान के लिए आने वाले निशक्तजनों मदद के लिए बूथों पर खास व्यवस्था की गई है। इन बूथों पर निशक्त मतदाता के लिए व्हील चेयर, ट्राइसाइकिल और गुब्बारे से सजे रैंप की भी व्यवस्था की गई है। ताकि उन्हें ईवीएम तक जाने में कोई दिक्कत न हो।
200 मीटर पहले ही रोक लिए जाएंगे वाहन
इस बार मतदान केंद्रों पर सुरक्षा टाइट रही। वाहनों से मतदान केंद्रों पर वोटर डालने के लिए पहुंचने वाले लोगों के वाहन बूथों से दो सौ मीटर पहले ही रोक लिए जाएंगे। यदि परिधि के अंदर कोई वाहन लेकर आता है तो उसे नियम विरुद्ध माना जाएगा और कार्रवाई भी हो सकती है।
272 अतिसंवेदनशील व 171 संवेदनशील बूथ बने
इस बार जिले में 272 अति संवेदनशील और 171 संवेदनशील बूथों को चिन्हित किया गया है। अफसरों की मानें तो इन बूथों पर सुरक्षा के तगडे़ बंदोबस्त किए गए हैं। इसके साथ ही तैनात सुरक्षा बल व पैरामिलिट्री फोर्स को निर्देशित किया गया कि वे विशेष चौकसी बरतें।