कोंच (जालौन)। जयपुर से लग्जरी बस से आ रहे तीन युवक जहरखुरानी का शिकार हो गए है। जहरखुरान गिरोह का सदस्य उनके पास मौजूद नकदी और मोबाइल पार कर बस से उतर गया। बेहोशी का हालत में तीनों युवकों को कोंच में उतारा गया। वहां से जिला अस्पताल भेजा गया।
गोहन थाना क्षेत्र के पड़कुला निवासी करन (20), जालौन क्षेत्र के सिहारी निवासी ब्रजेंद्र (20) व इटावा जिले के चौबिया थाना क्षेत्र के गंगापुरा निवासी धर्मेंद्र कुमार (35) शुक्रवार की रात नौ बजे जयपुर से उरई के लिए जगदंबा ट्रैवल्स की लग्जरी बस में सवार हुए। उनके साथ एक युवक भी इटावा जाने के लिए उसी बस में सवार हुआ। बस करीब एक बजे मेहंदी घाटमपुर वाले बाबा के पास एक होटल के पास रुकी।
इटावा जाने वाला युवक नीचे उतरा और कोल्डड्रिंक लेकर आया और सभी को दोस्ताना व्यवहार कर कोल्डड्रिंक पिला दी। कोल्डड्रिंक पीने के बाद तीनों बेहोश हो गए। इसके बाद जहरखुरान ने करन का मोबाइल व चार हजार रुपये, ब्रजेंद्र के चार हजार रुपये और धर्मेंद्र के सात हजार रुपये निकालकर रास्ते में उतर गया। करन और ब्रजेंद्र पानी पूरी का धंधा करते है। जबकि धर्मेंद्र जयपुर में एक प्लास्टिक कंपनी में सुपरवाइजर है।
तीनों को उरई उतरना था लेकिन बेहोशी के कारण यह लोग कोंच पहुंच गए। जब कंडक्टर ने उन्हें जगाना चाहा तो वे बेसुध मिले। उन्होंने सीएचसी कोंच में भर्ती कराया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पाकर सभी के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जहरखुरानी के शिकार युवकों ने बताया कि हम चारों लोग एक ही केबिन में बैठे थे। जहरखुरान गिरोह के सदस्य ने बताया था कि उसे इटावा में उतरना है। फिर वह कहां उतर गया कुछ पता नहीं चल पाया।