कोंच (जालौन)। फेरी लगाकर सामान बेच रहे तीन युवक एक युवती को धक्का मारकर उसके हाथ से दस हजार की नकदी छीन कर भाग गए। युवती दौड़ती हुई कोतवाली पहुंची और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
कस्बे के मालवीय नगर में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री के आवास पीछे रहने वाली महजबी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे उसकी मां घर के अंदर नमाज पढ़ रही थी और वह दरवाजे पर बैठी थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आए और गृहस्थी का सामान दिखाने लगे। कुछ ही देर में एक युवक और पैदल आया और मैक्सी दिखाने लगा।
मैक्सी दिखाने वाला युवक उससे बोला कि यह गृहस्थी का सामान बीस हजार रुपये का है, यह लोग मुझे दस हजार रुपये में यह समान नहीं दे रहे हैं। यदि तुम चाहो तो तुमको यह यह सामान दस हजार रुपये में मिल जाएगा। तुम इन लोगों से सामान ले लो और फिर हमें दो हजार रुपये ज्यादा में बेच देना। लालच में आकर जैसे ही युवती अंदर से रुपये लेकर आई तो युवक उसे धक्का मारकर रुपये छीनकर भाग गए।
आरोपी बेचने आए समान भी दरवाजे पर ही छोड़ गए हैं। युवती की शिकायत पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे खगांल रही है। सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल कराई जा रही है पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी चेक कर रही है।