उरई। झांसी कानपुर रेलखंड पर शनिवार को तीन ट्रेनें निरस्त रही जबकि दो ट्रेन परिवर्तित मार्ग से गुजारी गईं। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी हुई। इस रूट से जो भी ट्रेन गुजरी, उसमें यात्रियों को जनरल के अलावा स्लीपर व एसी कोच की गैलरी तक में जगह नहीं मिली।
झांसी में चल रहे ट्रैक मरम्मत के काम के चलते झांसी लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, हैदराबाद से गोरखपुर जाने वाली डेक्कन एक्सप्रेस, बरौनी से ग्वालियर जाने वाली छपरा मेल निरस्त रही जबकि ग्वालियर से बरौनी जाने वाली ट्रेन ग्वालियर, भिंड, इटावा के रास्ते से चलाई गई। इसी तरह गोमती नगर से बंगलूरू जाने वाली स्पेशल ट्रेन (06530) को भी बदले हुए मार्ग से चलाया गया। इसके चलते झांसी और कानपुर की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है।
यात्रियों ने बताया कि बस की अपेक्षा ट्रेन का किराया कम है लेकिन ट्रेनों के निरस्तीकरण, मार्ग परिवर्तन होने की वजह से परेशानी हो रही है। झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक मरम्मत का कम तेजी से जारी है। काम समाप्त होते ही ट्रेनों की स्थिति यथावत हो जाएगी।