जालौन। नगर में व्यापारी से डेढ़ लाख रुपये से भरा झोला लूटकर फरार हुए बदमाशों की तलाश में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के खुलासे के लिए गठित तीन टीमें लगातार सक्रिय हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मंगलवार रात झंडा चौराहा के पास रमा जनरल स्टोर संचालक दिलीप कुमार अग्रवाल के घर के बाहर स्कूटी पर रखा नकदी से भरा झोला तीन नकाबपोश बदमाश बाइक से लेकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल से लेकर बदमाशों के संभावित भागने वाले रास्तों तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी कर रही है। पुलिस का मानना है कि बदमाशों ने वारदात से पहले व्यापारी की रेकी की होगी, इसी दिशा में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद ने बताया कि सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से बदमाशों की लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है।
सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। सभी मार्गों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।