कदौरा। थाना क्षेत्र के लोदीपुर और कानाखेड़ा गांव में बुधवार को अज्ञात कारणों से लगी आग ने तीन घरों में भारी तबाही मचा दी। आग की इस घटना में करीब 35 क्विंटल गेहूं सहित हजारों रुपये का अनाज, पशु चारा और गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। लगभग 7 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कदौरा थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव निवासी जनक सिंह के कच्चे मकान में बुधवार की शाम अचानक आग भड़क उठी। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया। पीड़ित के अनुसार घर में रखा 35 क्विंटल गेहूं, 12 क्विंटल चना, 14 क्विंटल मटर और सात क्विंटल लाही सहित पूरी गृहस्थी और नकदी भी जल गई। इससे करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
इसी आग की चपेट में पास ही स्थित भूपसिंह का भूसा बाड़ा भी आ गया। इसमें रखा लगभग 30 क्विंटल भूसा, चोकर, खली और पशु आहार जलकर नष्ट हो गया। इससे पशुपालक परिवार के सामने चारे का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
वहीं, कानाखेड़ा गांव में बलराम के घर पर भी आग लग गई। परिवार ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है और घर पर ताला लगा था। आग में फ्रिज, कूलर, पंखा समेत पूरी गृहस्थी जलकर लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हो गया। घटना के बाद बलराम की पत्नी गुड्डो बेसुध हो गईं।
सूचना पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लेखपालों ने क्षति का आकलन किया। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उपजिलाधिकारी कालपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व टीम से रिपोर्ट मंगाई गई है और प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा दिलाया जाएगा।