कुठौंद। कस्बे में गल्ले की आढ़त में घुसे चोरों ने छत का जाल काटकर गोदाम में रखी गुल्लक से लाखों रुपये की नकदी पार कर दी। सुबह जब आढ़तियों ने दुकान खोली तो सामान बिखरा और गुल्लक से गायब रुपये देखकर होश उड़ गए। आढ़ती ने पड़ोसियों पर चोरी होने की आशंका जताई है।
कस्बा निवासी पवन शर्मा की नहर कोठी के पास शिव शक्ति ट्रेडर्स के नाम से गल्ले की आढ़त है। बुधवार रात आढ़त में ताला लगाकर उनके पिता राम मोहन शर्मा बाहर सो गए। देर रात छत के रास्ते जाल खोलकर गोदाम में घुसे चोर गुल्लक में रखे छह लाख सत्तर हजार रुपये चोरी कर ले गए। सुबह आढ़ती ने जब दुकान खोली और सामान बिखरा व गुल्लस न देख होश उड़ गए।
चोरी की सूचना पर सीओ जालौन राम सिंह थाना पुलिस व फील्ड यूनिट टीम के साथ पहुंचे। आढ़ती पवन ने उन्हें बताया कि बुधवार रात 11 बजे मोहल्ले के राजू के ढाले पर तीन-चार संदिग्ध लोग खड़े थे, जिनसे पीड़ित के पिता राम मोहन शर्मा ने रात में खड़े होने की वजह पूछी तो राजू सेंगर व उसकी पत्नी खड़े व्यक्तियों का पक्ष लेने लगी थी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि तब मेरे पिता को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
उसने आशंका जताई है कि इन्हीं लोगों ने मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिलाया है। सीओ जालौन राम सिंह का कहना है मामला संदिग्ध है, गुल्लक में कुछ रुपये रखे मिले हैं। जांच चल रही है मुकदमा दर्ज कर लिया है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
रो रोकर पीड़ित व्यापारी ने बताई आप बीती
कुठौंद। आढ़ती पवन ने बताया वह रात को करीब 10 बजे दुकान बंदकर कर घर चले गए थे, पिता ने रोज की तरह दुकान के बाहर लेटे थे। सुबह जब देखा तो जाल का खुला पड़ा था और गुल्लक में रखी नकदी गायब थी। घटना की जानकारी देते समय पीड़ित के आंसू थमने के नाम नहीं ले रहे थे। वह बार-बार यही कह रहा था कि चोर उसकी दिन रात मेहनत की कमाई चोरी कर ले गए।
पुलिस गश्त की खुली, एक सप्ताह से कस्बे में घूम रहे चोर
कुठौंद। कस्बे में हुई लाखों रुपये की चोरी से पुलिस गश्त की पोल खुल गई है। एक सप्ताह पहले ही चोरों ने घरों के बाहर खड़ी कारों को चोरी करने का प्रयास किया था। इस पर दो घटनाएं कैमरे में कैद हो गई थीं। जानकारी पर पुलिस पहुंची थी, लोगों को सुरक्षा का अहसास कराते हुए जांच पड़ताल की थी। लेकिन चोरों को पुलिस तलाश नहीं पाई थी। जिससे चोरों ने लाखों रुपये की बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दे दिया है। (संवाद)