उरई। छत के रास्ते घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर नकदी समेत करीब डेढ़ लाख का सामान पार कर दिया। घटना के दौरान चोरों ने कमरे में सो रहे गृहस्वामी के दरवाजे की कुंडी बाहर से लगा दी थी। सुबह दरवाजा बंद देख उन्होंने पड़ोसियों को आवाज दी, जब अंदर पहुंचे तो बिखरा सामान देख चोरी होने का पता चला।
शहर कोतवाली क्षेत्र के राहिया गांव निवासी देवेंद्र कुमार शुक्रवार को पत्नी माया व अन्य परिजनों के साथ रात में खाना खाकर सो गए थे। तभी पड़ोसी की छत के सहारे घुसे चोरों ने उनके दरवाजे की कुंडी बाहर से बंदकर बगल के कमरे में रखी अलमारी व बक्से का ताला तोड़कर करीब 70 हजार रुपये, एक जोड़ी ब्रजबाला, पांच जोड़ी बिछिया व करीब पचास हजार के कीमत के बर्तन चोरी कर लिए।
सुबह जब पत्नी सोकर जागी तो कमरे का दरवाजा बंद देख उन्होंने पड़ोसियों को आवाज दी। जब पड़ोसी अंदर पहुंचे तो बिखरा सामान देखकर उन्हें चोरी होने का पता चला। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी है। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।