मुहम्मदाबाद। बंद घर में पीछे से घुसे चोरों ने कमरे में रखे बक्से व अलमारी से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। सुबह जब बेटी घर में पहुंची तो बिखरा सामान व जेवर-नकदी गायब देख चाचा व मां को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुुलिस जांच में जुटी है।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के ऐर गांव निवासी बबलू बरार की कुछ वर्षो पहले मौत हो चुकी है। घर में उसकी पत्नी गीता बेटी रोशनी के साथ रहती है। शुक्रवार को गीता अपने मायके में आयोजित शादी में शामिल होने गई थी। जबकि अकेला होने के चलते रात में बेटी रोशनी अपने चाचा गुलाब सिंह के घर सोने चली गई। तभी पीछे के रास्ते से घर में घुसे चोरों ने दोनों कमरों के ताले तोड़कर उसमें रखे बक्सों व अलमारी से सोने का मंगलसूत्र, चार कंगन, नाक की कील, हाय पेटी, चार जोड़ी पायल, अंगूठी व करीब पचास हजार की नगदी चोरों ने पार कर दी।
सुबह जब रोशनी घर पहुंची तो कमरों के टूटे ताले व बिखरा सामान देखकर उसके होश उड़ गए। उसने इसकी जानकारी चाचा व मां को दी। गीता ने बताया कि चोर उसके घर से करीब साढ़े तीन लाख का सामान चोरी कर ले गए हैं। वहीं चोर एक बक्से को साथ में ले गए थे, इससे सामान निकालकर बाहर गांव फेंक दिया है। थानाध्यक्ष शशिकांत चौहान ने कहा कि जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
पुलिस कर्मी के घर से हुई चोरी का भी नहीं हो सका खुलासा
मुहम्मदाबाद। डकोर कोतवाली क्षेत्र के कुसमिलिया गांव निवासी जनक सिंह राजपूत पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हैं। 26 नवंबर को उनके घर में घुसे चोरों ने करीब 18 लाख के जेवर नकदी चोरी कर ली थी। घटना के बाद तीन दिनों तक पुलिस गांव में डेरा डाले रही थी। लेकिन इसके बाद भी घटना का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं शुक्रवार की रात ऐर गांव में हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में भय का माहौल पैदा हो गया है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से अब उन्हें भी डर सताने लगा है। पुलिस क्षेत्र में गश्त नहीं करती है। सिर्फ मौरंग घाटों के आसपास घूमती नजर आती है। इससे क्षेत्र में आए दिन घटनाएं हो रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस का खौफ अपराधियों से एकदम से गायब हो गया है। इससे वह आए दिन कोई न कोई घटना को अंजाम दे देते हैं। इसके साथ ही अभी तक कई घटनाओं का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। (संवाद)