उरई। कोंच में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में बरात न लाने वाले दूल्हे व उसके परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
सीओ कोंच शीशराम का कहना है कि सीएम की योजना ही दहेज प्रथा के खिलाफ है, फिर लड़के वाले यदि दहेज के लिए बरात नहीं लाते हैं तो उन पर एफआईआर ही दर्ज होगी। यदि थाना पुलिस ने कोई दबाव बनाकर दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास किया होगा तो उस पर भी कार्रवाई होगी।
बता दें कि चार दिन पूर्व कैलिया में हुए सामूहिक विवाह के अंतर्गत एक कन्या की बरात रात तक नहीं आई थी। जिस पर लड़की के पिता ने लड़के वालों पर दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर भी दी थी। कैलिया पुलिस ने बाद में दोनों पक्षों में समझौता भी करा दिया था। सीओ का कहना है कि पूरा मामला उनकी जानकारी में नहीं था। यदि वाकई दहेज के लिए बरात नहीं लाई गई तो सीएम की योजना के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा बल्कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद