उरई। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से स्वरोजगार के लिए लोन लेकर करीब 90 प्रतिशत लोग अब लोन नहीं लौटा रहे हैं।
इन्हें कई बार नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं, लेकिन वह लोन नहीं लौटा रहे हैं। बुधवार को झांसी मंडल के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के उपनिदेशक मोहम्मद तारिक ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बकायेदारों के खिलाफ अंतिम नोटिस जारी कर उनकी आरसी जारी करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विभाग ने अल्पसंख्यकों के लिए वर्ष 1996 से 2007 तक स्वरोजगार के लिए 50 हजार रुपये सात फीसदी ब्याज की दर से दिया था। इसे 20 आसान किश्तों में अदा करना था। जिले में इस योजना का 291 लोगों ने लाभ लिया। जब वापसी का समय आया तो केवल 28 ने रकम वापसी की। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रामदत्त प्रजापति ने बताया कि अल्पसंख्यक वित्त निगम से 291 लाभार्थियों ने 1,09,73,035 रुपये का ऋण लिया था। इसका ब्याज बढ़कर अब 4 करोड़, 61 लाख 57,760 रुपये हो गया था। उन्होंने बताया कि 263 बकायेदार अब ऋण लौटाने में आनाकानी कर रहे हैं।
उपनिदेशक ने ऐसे बकायेदारों पर सख्ती करने को कहा है। साथ ही उन्हें 15 दिन की मोहलत देते हुए अंतिम नोटिस जारी करने को कहा है। इसके बाद भी बकाया जमा न करने वाले बकायेदारों के खिलाफ आरसी जारी कर विधिक तरीके से वसूली करने के निर्देश दिए। साथ ही आरसी पर 18 प्रतिशत ब्याज भी वसूलने को कहा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शत प्रतिशत बकाया वसूली की जाए। इसमें किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान मोहम्मद रईस खान, भुवनेश पटेल, मिर्जा अजीज बेग व ईशहाक मोहम्मद आदि मौजूद रहे।