कालपी। कस्बे में सोमवार को देर रात चोरों ने अधिवक्ता के ऑफिस में चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी की वारदात को अंजाम देते वक्त चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। अधिवक्ता का कार्यालय मुख्य मार्ग पर इंडियन बैंक के पास है। मकान के मुख्य गेट से घुसे चोर उनके आफिस से लैपटॉप के साथ 90 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं।
नगर के मोहल्ला रावगंज निवासी अधिवक्ता अनिरुद्ध गुप्ता पुत्र चंद्र भूषण गुप्ता का ऑफिस इंडियन बैंक की मुख्य शाखा के पास स्थित है। यहां पर वह इनकम टैक्स, वाणिज्यकर और व्यापार से संबंधित अन्य कामकाज देखते हैं। इसी भवन में वह एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की एजेंसी भी चलाते हैं।
सोमवार देर शाम वह अपने ऑफिस तथा मेन गेट का ताला लगाकर घर चले गए थे। सुबह लगभग साढ़े आठ बजे आकर देखा तो मुख्य दरवाजा टेढ़ा था। किसी अनिष्ट की आशंका में उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला खोला तो उनके होश उड़ गए। उनके आफिस की तरफ वाले दरवाजे का कुंडा टूटा पड़ा था। उन्होंने आफिस में जाकर देखा तो उनके लैपटॉप के साथ दराज में रखे तकरीबन 90 हजार रुपये भी गायब थे।
अधिवक्ता ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो मौके पर आए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चौकी इंचार्ज टरननगंज को निर्देश दिए हैं। मुख्य मार्ग और दो दो बैंकों के पास हुई इस वारदात से व्यापारी सकते में हैं। उनके अनुसार इसी रोड पर तहसील तथा अधिकारियों के आवास बने हुए हैं। जहां पर दिन रात आवागमन होता रहता है, हालांकि पुलिस ने अधिवक्ता के ऑफिस में घटित इस घटना को गंभीरता से लिया है और मंगलवार दोपहर चोरों का सुराग तलाशने के लिए पुलिस की विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने उरई से आकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
...शायद चोरों को कैमरे का नहीं था आभास
अधिवक्ता अनिरुद्ध गुप्ता के ऑफिस में लगे कैमरों का आभास शायद पहले चोरों को नहीं है, इसलिए पहले गेट में जगह बनाकर घुसे चोर का मुंह खुला था, लेकिन बाद में उसने ढक लिया था। इसी के साथ उसके दो साथी भी आए थे और लगभग रात 2:14 बजे कैमरा बंद कर वह नकदी और सामान लेकर फरार हो गए थे।